काठमांडू की स्थगित उड़ानें आज से फिर शुरू
नेपाल में हालिया हिंसक प्रदर्शनों के बीच फंसे यात्रियों की सुविधा के लिए एयर इंडिया और इंडिगो विशेष उड़ानें संचालित कर रही हैं। साथ ही, दिल्ली–काठमांडू के बीच नियमित हवाई सेवाएं भी बहाल कर दी गई हैं।
नेपाल में हुए हिंसक प्रदर्शनों के चलते फंसे यात्रियों की मदद के लिए एयर इंडिया और इंडिगो ने आज भी विशेष उड़ानों का संचालन जारी रखा है। एयर इंडिया की दिल्ली से काठमांडू और वापसी की अतिरिक्त सेवाएं फिलहाल सुचारू रूप से चल रही हैं।
इसके साथ ही नियमित उड़ान संचालन भी दोबारा शुरू कर दिया गया है। एयर इंडिया ने त्वरित सहयोग के लिए सरकार और विभिन्न एजेंसियों का आभार व्यक्त किया है तथा यात्रियों से अपील की है कि हवाई अड्डे पर आने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस अवश्य जांच लें। किसी भी अन्य जानकारी के लिए 011-69329333 और 011-69329999 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
इसी क्रम में इंडिगो की भी स्थगित उड़ानें आज से फिर शुरू हो गई हैं। एयरलाइन न केवल काठमांडू के लिए अपनी नियमित सेवाएं बहाल कर रही है, बल्कि यात्रियों की सुविधा हेतु दो अतिरिक्त विशेष उड़ानें भी संचालित करेगी।


