पीएम नरेंद्र मोदी आज ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक फोरम को करेंगे संबोधित, वैश्विक अर्थव्यवस्था और शक्ति के नए आयामों पर रखेंगे विचार
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रतिष्ठित ‘ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक फोरम’ को संबोधित करेंगे। वैश्विक आर्थिक परिदृश्य और भू-राजनीतिक बदलावों के लिहाज से इस संबोधन को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस वर्ष इकोनॉमिक फोरम का मुख्य विषय (थीम) ‘A WORLD IN PLAY: DEFINING THE NEW LEVERS OF POWER’ रखा गया है, जिसका भावार्थ एक ऐसी दुनिया से है जो शक्ति के नए स्तर और प्राथमिकताओं को पुनर्परिभाषित कर रही है।
ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक फोरम विश्व स्तर पर नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रमुखों और अंतरराष्ट्रीय विचारकों के बीच संवाद का एक प्रमुख मंच है। यह मंच वैश्विक अर्थव्यवस्था में आ रहे ऐतिहासिक बदलावों और स्थानांतरण के इस दौर में दुनिया के सामने मौजूद गंभीर चुनौतियों पर गहन विचार-विमर्श करने और उनके व्यावहारिक समाधान तलाशने का अवसर प्रदान करता है।
वैश्विक स्तर पर आर्थिक अस्थिरता, आपूर्ति श्रृंखला के नए समीकरणों और तेजी से बदलते तकनीकी परिदृश्य के बीच प्रधानमंत्री मोदी का यह संबोधन अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश और सतत विकास के क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका और दृष्टिकोण को स्पष्ट करने की दृष्टि से विशेष मायने रखता है।


