नेपाल की स्थिति पर विदेश मंत्रालय ने जारी की भारतीय नागरिकों के लिए यात्रा सलाह
विदेश मंत्रालय ने नेपाल की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय ने भारतीयों से अपील की है कि स्थिति सामान्य होने तक नेपाल की गैर-जरूरी यात्रा से परहेज करें।
जो भारतीय नागरिक वर्तमान में नेपाल में मौजूद हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे अधिकतर समय घर के भीतर रहें, अनावश्यक रूप से सड़कों पर न निकलें और नेपाली प्रशासन तथा काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी किए जा रहे सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
विदेश मंत्रालय ने सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध कराए हैं। भारतीय नागरिक काठमांडू स्थित दूतावास से +977-980 860 2881 और +977-981 032 6134 पर संपर्क कर सकते हैं। ये दोनों नंबर व्हाट्सएप पर भी सक्रिय हैं।


