भारतीय मूल के शख्स की हत्या पर ट्रंप का बयान – अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा
पिछले हफ्ते अमेरिका के डलास शहर में भारतीय मूल के चंद्र नागमल्लैया की गला काटकर की गई निर्मम हत्या पर अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह घटना बेहद भयावह और दिल दहला देने वाली है।
ट्रंप ने लिखा, “डलास में चंद्र नागमल्लैया नामक सम्मानित व्यक्ति की हत्या क्यूबा से आए एक अवैध प्रवासी ने उनकी पत्नी और बेटे के सामने बेरहमी से कर दी। ऐसा अपराधी कभी भी हमारे देश में नहीं होना चाहिए था।”
आगे उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर भी निशाना साधा और कहा कि यह व्यक्ति पहले भी बाल शोषण, कार चोरी और झूठे कारावास जैसे गंभीर अपराधों में पकड़ा गया था, लेकिन अक्षम नेतृत्व की वजह से उसे देश से निकाले जाने के बजाय अमेरिका में ही छोड़ दिया गया।
ट्रंप ने सख्त लहजे में कहा, “अमेरिका में अब अवैध अप्रवासियों के अपराध को सहन नहीं किया जाएगा। हमारे शासन में ऐसे अपराधियों को कड़ी सज़ा दी जाएगी। हिरासत में लिए गए इस अपराधी पर प्रथम श्रेणी की हत्या का आरोप लगाया जाएगा। हम अमेरिका को फिर से सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”


