बिहार में पीएम मोदी करेंगे 36,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के बाद बिहार का दौरा करेंगे। पूर्णिया में वे करीब 36,000 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी पूर्णिया हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का भी लोकार्पण करेंगे।
कोलकाता के बाद यह टर्मिनल पूर्वी भारत और बिहार का सबसे बड़ा हवाई अड्डा होगा। इसके शुरू होने से हवाई यात्रियों की सुविधा और प्रबंधन क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री बिहार में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का शुभारंभ करेंगे, जो उत्पादन, तकनीकी विकास, फसलोत्तर प्रबंधन, मूल्य संवर्धन और निर्यात को बढ़ावा देगा। इससे बिहार समेत देशभर के मखाना किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
पीएम मोदी भागलपुर के पीरपैंती में 3×800 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे। लगभग 25,000 करोड़ रुपये के निजी निवेश से बनने वाली यह परियोजना बिहार में अब तक का सबसे बड़ा निवेश मानी जा रही है। इसे अल्ट्रा-सुपर क्रिटिकल और कम उत्सर्जन वाली तकनीक से तैयार किया जाएगा, जिससे राज्य की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री 2,680 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कोसी-मेची अंतर-राज्यीय नदी जोड़ परियोजना के पहले चरण का शिलान्यास करेंगे। वे बिहार में रेल संपर्क सुधारने वाली कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे तथा नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। पूर्णिया में पीएम मोदी सेक्स सॉर्टेड सीमेन सुविधा का उद्घाटन भी करेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 35,000 और पीएमएवाई (शहरी) के तहत 5,920 लाभार्थियों के लिए आयोजित गृह प्रवेश समारोह में भी वे शामिल होंगे और कुछ लाभार्थियों को स्वयं चाबियां सौंपेंगे। इसके अतिरिक्त, पीएम मोदी डीएवाई-एनआरएलएम के तहत क्लस्टर स्तरीय फेडरेशनों को लगभग 500 करोड़ रुपये का सामुदायिक निवेश कोष भी वितरित करेंगे और कुछ सीएलएफ अध्यक्षों को चेक प्रदान करेंगे।


