ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो को 27 साल की कैद

ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट की एक पीठ ने पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को चुनावी हार के बाद सत्ता में बने रहने की साजिश रचने का दोषी ठहराया है।

ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के एक पैनल ने पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को 2022 के चुनावों में हार के बावजूद सत्ता पर काबिज रहने की कोशिश करने का दोषी करार दिया है। पाँच में से चार न्यायाधीशों ने बहुमत से फैसला सुनाते हुए बोल्सोनारो को 27 साल और तीन महीने की सजा दी।

न्यायाधीश एलेक्जेंडर डी मोरेस ने आदेश सुनाते हुए कहा कि बोल्सोनारो पर एक सशस्त्र आपराधिक संगठन का नेतृत्व करने, लोकतांत्रिक व्यवस्था को हिंसा के जरिए समाप्त करने की कोशिश करने, तख्तापलट की योजना बनाने और संघीय व सांस्कृतिक संपत्तियों को नुकसान पहुँचाने के आरोप सिद्ध हुए हैं।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि सत्ता पलट की यह कोशिश पूर्व नियोजित थी और इसे लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से तैयार किया गया था। सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय उस अति-दक्षिणपंथी आंदोलन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जिसे बोल्सोनारो ने बढ़ावा दिया था। इसके साथ ही ब्राजील भी उन देशों की श्रेणी में आ गया है, जो लोकतंत्र-विरोधी गतिविधियों के लिए उच्च स्तर के नेताओं को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *