अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भव्य स्वागत, विधायक अनुराधा राणा ने उठाईं लाहौल-स्पीति की प्रमुख मांगें
शिमला/लाहौल-स्पीति: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हिमाचल प्रदेश प्रवास के दौरान अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल पहुंचने पर उनका गर्मजोशी और पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। इस विशेष अवसर पर लाहौल-स्पीति की स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता के समक्ष क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों और स्थानीय जनहित से जुड़ी प्रमुख मांगों को मजबूती से रखा।
विधायक अनुराधा राणा ने क्षेत्र के विकास और जनता के अधिकारों की वकालत करते हुए नौतोड़ भूमि बहाली का मामला उठाया। इसके साथ ही उन्होंने हालिया प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए वन संरक्षण अधिनियम (FCA) में विशेष रियायत या संशोधन के माध्यम से भूमि आवंटित कराने हेतु केंद्र सरकार से सिफारिश करने का पुरजोर आग्रह किया।
पर्यावरण संरक्षण और कोकसर परियोजना पर पुनर्विचार की मांग: विधायक ने लाहौल-स्पीति घाटी के अत्यंत संवेदनशील और नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन के बढ़ते गंभीर प्रभावों का हवाला दिया। उन्होंने पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित कोकसर चिनाब डायवर्जन परियोजना पर पुनर्विचार करने के लिए भी केंद्र सरकार को आवश्यक सिफारिश भेजने का अनुरोध किया।
विधायक के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्यपाल ने क्षेत्र से जुड़ी सभी समस्याओं व मांगों को अत्यंत गंभीरता से सुना और नियमानुसार उचित कदम उठाने का सकारात्मक आश्वासन दिया। कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने राष्ट्रपति, राज्यपाल, कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक भुवनेश्वर गौड़, सीमा सड़क संगठन (BRO) के महानिदेशक एवं उनकी टीम सहित स्थानीय प्रशासन, पुलिस और महिला मंडलों का व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए आभार व्यक्त किया।


