आईसीएआर-एनआईएसए रांची के छात्रों का कमाल: प्रतिष्ठित पीएचडी कार्यक्रमों में 5 छात्रों का चयन, दर्ज की 83% सफलता दर
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR-NISA) ने स्नातकोत्तर शिक्षा एवं उच्च स्तरीय अनुसंधान के क्षेत्र में शैक्षणिक उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम की है। संस्थान के छह विद्यार्थियों में से पांच मेधावी छात्रों ने देश के अग्रणी व प्रतिष्ठित संस्थानों के डॉक्टरेट (पीएच.डी.) कार्यक्रमों में अपना चयन सुनिश्चित कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।
महज छह छात्रों के छोटे से बैच में पांच छात्रों का चयन होना अपने आप में एक असाधारण उपलब्धि है। 83 प्रतिशत से अधिक की यह उल्लेखनीय सफलता दर संस्थान के उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल, उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और संकाय सदस्यों के समर्पित शोध मार्गदर्शन को प्रमाणित करती है। संस्थान प्रबंधन ने सभी चयनित विद्यार्थियों को उनकी इस शानदार कामयाबी पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


