पहली बार ‘प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड सोल्जरथॉन’ का आयोजन: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिखाई हरी झंडी, 8 हज़ार धावकों ने लिया हिस्सा
नई दिल्ली : देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन से रविवार को एक ऐतिहासिक खेल व सम्मान कार्यक्रम की शुरुआत हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पहली बार आयोजित ‘प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड (PBG) सोल्जरथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विशेष दौड़ में विभिन्न आयु वर्ग के लगभग 8 हज़ार धावकों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और करियप्पा परेड ग्राउंड पहुंचकर अपनी दौड़ पूरी की।
इस गरिमामय अवसर पर पूर्व सेना प्रमुख और मिजोरम के राज्यपाल वी.के. सिंह भी राष्ट्रपति के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक विशेष डाक कवर (Special Postal Cover) का भी अनावरण किया।
यह सोल्जरथॉन ‘Run for Soldiers, Run with Soldiers’ (सैनिकों के लिए दौड़ें, सैनिकों के साथ दौड़ें) के विज़न पर आधारित है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और देश के सशस्त्र बलों के बीच आत्मीय संबंधों को और अधिक मज़बूत बनाना है। ‘Supporting Real Heroes – the Armed Forces of India’ (असली नायकों– भारत के सशस्त्र बलों का समर्थन) विषय पर आयोजित यह मैराथन भारतीय सेना के जवानों के समर्पण, अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान को सम्मानित करती है। यह नागरिकों को सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सेना के प्रति सम्मान और एकजुटता प्रकट करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करती है।



