छत्तीसगढ़: ‘चेन्दरू’ राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित, 10 अक्टूबर तक करें आवेदन; मिलेगा 1 लाख रुपये का नकद इनाम

रायपुर: छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में पर्यटन की अपार संभावनाओं को गति देने और सतत ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने हेतु ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार-2026’ के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। इच्छुक व पात्र व्यक्ति या संस्थाएं इस पुरस्कार के लिए 10 अक्टूबर 2026 तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। चयनित विजेता को एक लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

यह पुरस्कार राज्य में ग्रामीण पर्यटन को स्थानीय रोजगार और आजीविका से जोड़ने, होमस्टे को बढ़ावा देने तथा स्थानीय संस्कृति, परंपराओं एवं प्राकृतिक-सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को गति देने के लिए शुरू किया गया है। यह सम्मान प्रतिवर्ष ‘राज्योत्सव एवं राज्य स्थापना दिवस अलंकरण समारोह’ के भव्य मंच पर प्रदान किया जाएगा। नियमों के अनुसार, यह प्रतिष्ठित सम्मान किसी भी व्यक्ति या संस्था को उनके जीवनकाल में केवल एक बार ही दिया जाएगा।

छह प्रमुख थीम के आधार पर होगा मूल्यांकन: पुरस्कार के लिए प्राप्त होने वाले आवेदनों और कार्यों का मूल्यांकन निम्नलिखित छह मुख्य श्रेणियों (थीम) के तहत किया जाएगा:

  • एथनिक टूरिज्म
  • ईको टूरिज्म
  • धार्मिक पर्यटन
  • हेरिटेज टूरिज्म
  • एडवेंचर टूरिज्म
  • मेडिकल एंड वेलनेस टूरिज्म

मूल्यांकन प्रक्रिया में होमस्टे के विस्तार, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन, पर्यटकों को दिए गए विशिष्ट अनुभवों और दीर्घकालिक समर्पित योगदान को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *