भोपाल की नौशीन नाज़ बनीं एशिया की टॉप स्कोरर, भारत ने हॉकी5s में जीता रजत और वर्ल्ड कप के लिए किया क्वालिफाई

भोपाल : ओमान के मस्कट में आयोजित एफआईएच यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप-2026 में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की खिलाड़ी नौशीन नाज़ ने पूरे टूर्नामेंट में 17 गोल दागकर एशिया की सर्वश्रेष्ठ गोल स्कोरर (टॉप स्कोरर) बनने का गौरव हासिल किया। भारतीय टीम ने अपने इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उद्घाटन एफआईएच यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।

नौशीन नाज़ ने अपनी गति और सटीक फिनिशिंग के दम पर भारत को फाइनल तक पहुँचाने में मुख्य भूमिका निभाई। वहीं, अकादमी की गोलकीपर महक परिहार ने भी गोलपोस्ट पर शानदार बचाव करते हुए टीम को मजबूती प्रदान की। इस एशियन चैंपियनशिप में भारत के साथ चीन, पाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और ओमान सहित कई प्रमुख एशियाई टीमों ने हिस्सा लिया था

भारतीय टीम और मध्यप्रदेश की बेटियों की इस उपलब्धि पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खुशी व्यक्त करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नौशीन नाज़ और महक परिहार ने अपने उत्कृष्ट खेल से देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *