एशियन हॉकी5s: पाकिस्तान को 3-1 से हराकर भारत बना चैंपियन, मप्र के आयुष और करण ने चमकाया देश का नाम
भोपाल : ओमान के मस्कट में आयोजित एफआईएच यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप-2026 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने अपने पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय पुरुष टीम ने उद्घाटन एफआईएच यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए भी आधिकारिक तौर पर क्वालिफाई कर लिया है।
भारत की इस शानदार खिताबी जीत में मध्यप्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों—गोलकीपर आयुष रजक और फॉरवर्ड करण गौतम—ने बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे टूर्नामेंट के दौरान आयुष ने गोलपोस्ट पर बेहतरीन बचाव करते हुए टीम को मजबूती दी, वहीं करण ने अपनी आक्रामक शैली से विपक्षी टीमों की रक्षा पंक्ति को ध्वस्त किया।
इस स्वर्णिम सफलता पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने पूरी भारतीय टीम सहित मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आयुष और करण के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने पूरे देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया है, और यह सफलता राज्य की हॉकी अकादमियों के उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।



