वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर हुआ 183.50 रुपये सस्ता, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं

सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने एक जुलाई से 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 183 रुपये 50 पैसे की कटौती की है। नई दरें लागू होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 3,113 रुपये 50 पैसे से घटकर 2,930 रुपये हो गई है। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

कीमतों में कमी का लाभ देश के अन्य शहरों में भी मिला है। लखनऊ में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर का मूल्य घटकर 3,052 रुपये 50 पैसे हो गया है, जबकि पहले इसकी कीमत 3,236 रुपये थी। कोलकाता में यह 3,255 रुपये 50 पैसे से घटकर 3,081 रुपये 50 पैसे और पटना में 3,227 रुपये हो गया है।

इस वर्ष पहली बार वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कमी की गई है। इससे पहले पूरे वर्ष कीमतों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई थी। एक जनवरी 2026 को दिल्ली में इसकी कीमत 1,691 रुपये 50 पैसे थी, जो एक फरवरी को बढ़कर 1,740 रुपये 50 पैसे हो गई। एक मार्च को कीमत बढ़कर 1,768 रुपये 50 पैसे पहुंची और सात मार्च को अतिरिक्त वृद्धि के बाद यह 1,883 रुपये हो गई।

इसके बाद एक अप्रैल को वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत 2,078 रुपये 50 पैसे हो गई। एक मई को इसमें 993 रुपये की रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई, जिससे दिल्ली में इसकी कीमत 3,071 रुपये 50 पैसे पहुंच गई। एक जून को फिर 42 रुपये की वृद्धि के साथ यह 3,113 रुपये 50 पैसे हो गई थी।

नवीनतम कटौती से होटल, रेस्तरां, भोजनालय और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें पहले की तरह यथावत रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *