ब्रेनवेयर यूनिवर्सिटी, कोलकाता में प्रथम ‘वंदे मातरम्’ शिविर 2026 का हुआ समापन

कोलकाता स्थित ब्रेनवेयर यूनिवर्सिटी, बारासात में आयोजित सात दिवसीय ‘वंदे मातरम्’ शिविर 2026 का 30 जून को सफलतापूर्वक समापन हुआ। मेरा युवा भारत (MY Bharat), पश्चिम बंगाल एवं अंडमान-निकोबार द्वीप समूह द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित यह शिविर 24 से 30 जून तक चला। शिविर का आयोजन राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया गया।

इस शिविर में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मेघालय, तमिलनाडु, गुजरात तथा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह सहित विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आए 150 युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शिविर का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना था।

सात दिनों के दौरान प्रतिभागियों को भारतीय संविधान, राज्य के नीति निदेशक तत्व, केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं, नेतृत्व विकास और नागरिक उत्तरदायित्व से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। साथ ही समूह गतिविधियों और संवाद सत्रों के माध्यम से युवाओं में टीमवर्क, नेतृत्व कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित की गई।

शिविर के दौरान ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लोक कला प्रदर्शन और विभिन्न राज्यों की परंपराओं का आदान-प्रदान किया गया। प्रतिभागियों ने प्रसिद्ध साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के पैतृक निवास एवं संग्रहालय का भ्रमण कर ‘वंदे मातरम्’ के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान की जानकारी प्राप्त की।

इसके अलावा स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, नशा मुक्त भारत की शपथ तथा ग्रामीण विकास और सतत विकास से जुड़े नवाचारों पर समूह प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। समापन समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग के निदेशक श्री पीयूष कांति दास सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने युवाओं के उत्साह की सराहना की। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *