मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई : राष्ट्र पुनरुत्थान की संकल्पना’ पुस्तक का किया विमोचन

भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में मध्यप्रदेश हिन्दी ग्रंथ अकादमी द्वारा प्रकाशित ‘लोकमाता अहिल्याबाई : राष्ट्र पुनरुत्थान की संकल्पना’ पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन भारतीय संस्कृति, सुशासन, न्याय और लोककल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका व्यक्तित्व आज भी समाज और प्रशासन के लिए मार्गदर्शक बना हुआ है।

पुस्तक में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, कार्यों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का शोधपरक एवं विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है। इसमें कुल 19 अध्याय शामिल हैं, जिनमें नारी स्वाभिमान, समाजोत्थान, सांस्कृतिक पुनर्निर्माण, राष्ट्रीय एकता, न्यायप्रियता, प्रशासनिक दक्षता, जीवन प्रबंधन, समाज कल्याण, भारतीय हस्तशिल्प के संरक्षण तथा महिलाओं के लिए न्याय और समानता जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया है।

पुस्तक में भारतीय ज्ञान परंपरा में लोकमाता अहिल्याबाई के योगदान का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विश्लेषण भी किया गया है। साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों, पंच परिवर्तन की अवधारणा और समाज सुधार से जुड़े विभिन्न शोधपत्रों का भी समावेश किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन केवल इतिहास का विषय नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्श सुशासन, सामाजिक समरसता और जनसेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, इतिहासकारों तथा आम पाठकों के लिए समान रूप से उपयोगी सिद्ध होगी और नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *