प्रधानमंत्री के 5-एफ विजन से मध्यप्रदेश बनेगा वैश्विक वस्त्र हब : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फाइव-एफ (Farm to Fibre, Fibre to Factory, Factory to Fashion, Fashion to Foreign) विजन को अपनाकर मध्यप्रदेश परिधान और वस्त्र उद्योग में वैश्विक केंद्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। धार जिले में बनने जा रहे पीएम मित्रा पार्क से राज्य के टेक्सटाइल सेक्टर को नई ऊँचाइयाँ मिलेंगी। ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादन, आधुनिक उत्पादन क्षमता, हरित ऊर्जा, स्थिर नीतियां और त्वरित निर्णय लेने की संस्कृति ने वैश्विक ब्रांड्स को निवेश के लिए आकर्षित किया है।

‘मेड इन एमपी – वियर एक्रॉस द वर्ल्ड’ को औद्योगिक मिशन बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे किसान, महिला, युवा और गरीब वर्गों को रोज़गार और सशक्तिकरण मिलेगा। मुख्यमंत्री निवास में बीएसएल (बायर सोर्सिंग लीग) के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ हुई राउंड टेबल बैठक में राज्य सरकार और बीएसएल के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। इस समझौते के तहत सोर्सिंग, उत्पादन, लॉजिस्टिक्स, डिजाइन और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में संयुक्त कार्ययोजना लागू की जाएगी।

डॉ. यादव ने बताया कि पीएम मित्रा पार्क 2,177 एकड़ में स्थापित होगा और भूमि पूजन से पहले ही 16,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए अनुमतियों की संख्या घटाकर 10 कर दी गई है और 30 दिनों में सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि राज्य में ‘प्लग-एंड-प्ले’ सुविधाएं, आधुनिक परीक्षण लैब, लॉजिस्टिक हब और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के प्रतिनिधियों ने डिजाइन, सस्टेनेबल प्रोडक्शन, पारंपरिक कौशल को आधुनिक फैशन से जोड़ने और निर्यात बढ़ाने संबंधी सुझाव दिए।

बैठक में पीवीएच, पूमा, मदरकेयर, जिवामे, हनेसब्रांड्स सहित 15 से अधिक वैश्विक ब्रांड्स और प्रदेश के प्रमुख उद्योगपति मौजूद रहे। सभी ने सहमति जताई कि मध्यप्रदेश में कच्चे माल से लेकर तैयार परिधान तक की संपूर्ण श्रृंखला, हरित ऊर्जा और कम लागत के साथ प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त प्रदान करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *