किसानों की समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की खुशहाली और बेहतरी के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, कृषि सोलर पंप पर 90 प्रतिशत तक अनुदान, कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा और पशुपालन व डेयरी को प्रोत्साहन जैसे उपायों के जरिए किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।

मुख्यमंत्री गुरुवार को भोपाल से वर्चुअल माध्यम से ग्वालियर में बलराम जयंती पर आयोजित किसान सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर हलधर भगवान बलराम जयंती की शुभकामनाएं दीं और आयोजनकर्ता नंदलाल बाल कल्याण समिति की सराहना की।

डॉ. यादव ने बताया कि पिछले सवा साल में प्रदेश में 7 लाख हेक्टेयर से अधिक सिंचाई क्षेत्र बढ़ा है, जो 2003 में मात्र साढ़े 7 लाख हेक्टेयर था। केन-बेतवा और पार्वती–काली सिंध–चंबल नदी जोड़ परियोजनाओं से बुंदेलखंड और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में सिंचाई का क्रांतिकारी विस्तार होगा।

उन्होंने कहा कि खेती की लागत घटाने के लिए किसानों को बिना ब्याज के कृषि ऋण और गेहूं का देश में सबसे अधिक समर्थन मूल्य 2600 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदी की गई है। जल्द ही मुरैना में वृहद किसान मेला आयोजित होगा।

कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा कि सिंचाई रकबे में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है और खाद की कमी किसी भी जिले या तहसील में नहीं होने दी जाएगी। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मिलजुलकर नई पीढ़ी के लिए बेहतर वातावरण बनाने का आह्वान किया।

समारोह में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कवि श्री शशिकांत यादव ‘शशि’ ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *