पीलीभीत में बनेगा देश का पहला बासमती और जैविक प्रशिक्षण केंद्र

देश में बासमती और जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पीलीभीत में देश का पहला बासमती और जैविक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके लिए कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश के कृषि विभाग के साथ 70 वर्षों के पट्टा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य बासमती चावल उत्पादन प्रणाली को मजबूत करना और किसानों को आधुनिक व वैज्ञानिक खेती के लिए प्रशिक्षित करना है। साथ ही यह केंद्र कृषि विशेषज्ञों और विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण संसाधन स्थल के रूप में भी कार्य करेगा।

करीब सात एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस केंद्र में बासमती और जैविक खेती से संबंधित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें सभागार, संग्रहालय, प्रदर्शनी दीर्घा, सम्मेलन कक्ष, प्रयोगशाला और भंडारण व्यवस्था शामिल की जाएगी।

यह केंद्र किसानों को पारंपरिक और जैविक बासमती खेती की तकनीकों की जानकारी देगा, जिससे उनकी उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार हो सकेगा।

सरकार का मानना है कि इस पहल से न केवल बासमती चावल के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि किसानों की आय में वृद्धि और टिकाऊ कृषि प्रणाली को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *