चंबा की धाविका सीमा ने राष्ट्रीय स्वर्ण जीता, एशियाई खेलों के लिए किया क्वालीफाई

हिमाचल प्रदेश के चंबा की अंतरराष्ट्रीय धाविका सीमा ने 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय वरिष्ठ एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर एशियाई खेलों के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है।

शिमला, 27 जून : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की अंतरराष्ट्रीय धाविका सीमा ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में 24 से 28 जून तक आयोजित 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय वरिष्ठ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सीमा ने 5000 मीटर दौड़ 16 मिनट 11.04 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

यह देश की सबसे प्रतिष्ठित ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसके प्रदर्शन के आधार पर एशियाई खेलों के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। सीमा इससे पहले विदेशी प्रतियोगिता में 5000 मीटर दौड़ के लिए निर्धारित क्वालीफाइंग समय हासिल कर चुकी थीं। अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही उनका एशियाई खेलों के लिए चयन भी सुनिश्चित हो गया है।

सीमा ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास को दिया। उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों में स्थान बनाने के लिए उन्होंने लंबे समय तक कड़ी तैयारी की है। उनका अगला लक्ष्य 28 जून को इसी चैंपियनशिप की 10,000 मीटर दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है।

उन्होंने कहा कि सितंबर में जापान के नागोया में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का पूरा प्रयास करेंगी।

सीमा की इस उपलब्धि पर चंबा सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है। करियां वार्ड के पूर्व जिला परिषद सदस्य मनोज कुमार ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि सीमा ने पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वह एशियाई खेलों में भी शानदार प्रदर्शन कर भारत का नाम विश्व पटल पर और अधिक ऊंचा करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *