रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज 16 अक्टूबर से: तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने की उच्च स्तरीय बैठक, दर्शकों को मिलेगा ओपन वाई-फाई

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (परसदा) में भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की अंतर्राष्ट्रीय टी-20 सीरीज का आयोजन होने जा रहा है। इस सीरीज के मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाएंगे। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को सभी संबंधित विभागों से बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही, मैचों के सुचारू संचालन, पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस विभाग व आयोजक संस्थाओं को समय रहते सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन और आधुनिक सुविधाएं: मैचों के सफल आयोजन एवं अंतर-विभागीय समन्वय को सुदृढ़ बनाने के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में एक ‘लोकल सपोर्ट कमेटी’ का गठन किया गया है। इस विशेष समिति में रायपुर के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO), लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीक्षण अभियंता, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) के प्रतिनिधि तथा छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) के पदाधिकारी शामिल हैं।

दर्शकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में विशेष तकनीकी इंतजाम किए जा रहे हैं। ई-टिकट को आसानी से स्कैन करने और दर्शकों को त्वरित व निर्बाध प्रवेश सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की विशेष व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *