अल्मोड़ा में भारत-UAE संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्डियन 2026’ जारी, चौबटिया में दोनों देशों के जवान साध रहे सामरिक दक्षता
अल्मोड़ा/देहरादून: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में स्थित चौबटिया के फॉरेन ट्रेनिंग नोड में भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्डियन 2026’ पूरे जोश और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। आगामी 18 अक्टूबर तक चलने वाले इस 14 दिवसीय उच्च स्तरीय सैन्य अभ्यास में दोनों देशों की सेनाओं के कुल 92 जांबाज जवान हिस्सा ले रहे हैं।
इस संयुक्त अभ्यास में भारतीय सेना की ओर से प्रतिष्ठित भैरव बटालियन और संयुक्त अरब अमीरात की सेना की ओर से माउंटेन इन्फैंट्री बटालियन के जवान मिलकर हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान दोनों देशों के सैनिक कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में शारीरिक प्रशिक्षण, रिफ्लेक्स शूटिंग, रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग और माउंटेन क्राफ्ट जैसी चुनौतीपूर्ण गतिविधियों का सघन अभ्यास कर रहे हैं।
ड्रोन ऑपरेशंस और टैक्टिकल ड्रिल्स पर रहेगा फोकस: अभ्यास के आगामी चरणों में आधुनिक युद्धकला से जुड़े कौशल शामिल होंगे। इसके तहत अत्याधुनिक ड्रोन ऑपरेशन, कॉम्बैट एवं टैक्टिकल ड्रिल तथा जटिल संयुक्त सैन्य अभियानों की योजना और संचालन का व्यावहारिक अभ्यास किया जाएगा।
इस द्विपक्षीय युद्धाभ्यास का मुख्य उद्देश्य दुर्गम व पहाड़ी क्षेत्रों में दोनों देशों की सेनाओं की साझा सैन्य क्षमता, परिचालन तालमेल और सामरिक दक्षता को सशक्त बनाना है। साथ ही, यह अभ्यास भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को एक नए मुकाम पर ले जाने में सहायक सिद्ध होगा।


