सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सहारनपुर, 27 जून : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के हलगोया कट के पास हुई।

पुलिस के अनुसार हरियाणा के सोनीपत निवासी एक परिवार कार से हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक बहुउद्देश्यीय वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में सुदेश, चरण सिंह, प्रीति और नौ वर्षीय शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परवीन, जयदेव और तीन वर्षीय भूमि गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक और दूसरे वाहन का चालक भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं।

सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर और त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *