रायपुर में सहकार संकल्प दौड़ का आयोजन, सहकारिता मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सहकारिता विभाग द्वारा तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर ‘सहकार संकल्प दौड़’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, किसान, सहकारी संस्थाओं के सदस्य, महिला स्व-सहायता समूहों की प्रतिनिधि तथा विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था या नारा नहीं, बल्कि जनभागीदारी पर आधारित एक सशक्त जन-आंदोलन है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों, ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता सप्ताह को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसका उद्देश्य प्राथमिक कृषि साख समितियों को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाना है, ताकि किसानों को समय पर ऋण, कृषि निवेश और अन्य आवश्यक सुविधाएं सहजता से उपलब्ध कराई जा सकें।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दी जा रही है। इससे कृषि उत्पादन बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि करने और गांवों में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने लोगों से सहकारिता आंदोलन से जुड़ने और इसे जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सहकारिता के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आत्मनिर्भर और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।



