अस्मिता खेलो इंडिया महिला साइक्लिंग सिटी लीग में 250 बालिकाओं ने दिखाई प्रतिभा

जयपुर/कोटपूतली-बहरोड़, 9 जून। जिले में साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान के सहयोग से आयोजित “अस्मिता खेलो इंडिया महिला साइक्लिंग सिटी लीग-2026” के तहत प्रागपुरा-पावटा क्षेत्र में महिला साइक्लिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा और फिटनेस का प्रदर्शन किया।

साइक्लिंग रन का आयोजन ग्राम प्रागपुरा से प्रारंभ होकर ग्राम भांकरी तक किया गया, जिसमें लगभग 250 बालिकाओं ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ पावटा की एसडीएम साधना शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और बालिकाओं ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर राजस्थान साइक्लिंग की चेयरपर्सन सारिका चौधरी ने प्रतिभागी बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि देश की प्रत्येक बालिका को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के लिए समान अवसर उपलब्ध हों। खेलों के माध्यम से बेटियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए अस्मिता खेलो इंडिया महिला साइक्लिंग सिटी लीग जैसे आयोजनों का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजन के दौरान खेल अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा अभिभावकों ने भी बालिकाओं का उत्साह बढ़ाया और खेलों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *