राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना: बेरोजगार युवाओं को ई-टैक्सी खरीदने पर 50 प्रतिशत सब्सिडी
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश), 9 जून। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। योजना के अंतर्गत पात्र युवाओं को ई-टैक्सी खरीदने पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विपिन गुप्ता ने बताया कि जिले के स्थायी बेरोजगार युवा, जिनकी आयु 25 से 45 वर्ष के बीच है, इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को 16 जून तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
उन्होंने बताया कि योजना के लिए आवेदनकर्ता का हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। अभ्यर्थी के पास न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण शैक्षणिक योग्यता, वैध कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस तथा कम से कम सात वर्ष का ड्राइविंग अनुभव होना चाहिए। यदि आवेदक 10वीं पास नहीं है तो उसके पास कम से कम दस वर्ष का वैध कमर्शियल ड्राइविंग अनुभव होना अनिवार्य होगा।
इसके अतिरिक्त आवेदक का नाम रोजगार कार्यालय में कम से कम एक वर्ष से पंजीकृत होना चाहिए। योजना का लाभ केवल उन परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम है। इसके लिए संबंधित राजस्व विभाग द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार परिवहन विभाग के आधिकारिक पोर्टल
ई-टैक्सी हिमाचल पोर्टल
पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ 16 जून से पूर्व ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार यह योजना प्रदेश के युवाओं को हरित परिवहन से जोड़ने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


