भारत इनोवेट्स 2026 का फ्रांस में शुभारंभ, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने इंडो-फ्रेंच डीप टेक साझेदारी को दी नई दिशा

फ्रांस के नीस स्थित पैले दे एक्सपोजिशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का उद्घाटन किया। शिक्षा मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य भारतीय डीप टेक नवाचारों को वैश्विक मंच प्रदान करना और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों, उद्योगों तथा शोध संस्थानों के साथ साझेदारी को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अतिथियों का स्वागत किया। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. अजय कुमार सूद भी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत नवाचार की गति और पैमाने के साथ आगे बढ़ रहा है तथा सतत भविष्य के निर्माण के लिए दुनिया को भारत के साथ मिलकर नवाचार करने का आमंत्रण देता है। वहीं राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच तकनीकी, वैज्ञानिक और औद्योगिक सहयोग लगातार मजबूत हुआ है और दोनों देशों के पास मिलकर भविष्य की नई संभावनाएं विकसित करने का अवसर है।

दोनों नेताओं ने भारत इनोवेट्स इनोवेशन पवेलियन का अवलोकन किया, जहां भारतीय स्टार्टअप्स और उच्च शिक्षण संस्थानों द्वारा विकसित 120 नवीन तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर, जैव प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवाएं, ऊर्जा, मोबिलिटी, उन्नत विनिर्माण और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी से जुड़े नवाचार शामिल हैं।

14 से 16 जून तक चलने वाले इस आयोजन में 11 उच्चस्तरीय पैनल चर्चाएं, निवेशक सत्र, स्टार्टअप पिचिंग, बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकें और नेटवर्किंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 50 से अधिक स्टार्टअप्स वैश्विक निवेशकों के समक्ष अपने नवाचार प्रस्तुत कर रहे हैं।

‘भारत इनोवेट्स 2026’ भारत और फ्रांस की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसका उद्देश्य सहयोग, प्रतिभा और परिवर्तनकारी प्रौद्योगिकियों के माध्यम से भविष्य उन्मुख वैश्विक नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *