बलौदा बाजार: बस और तेज रफ्तार ट्रक के बीच भीषण भिड़ंत, 16 यात्री घायल, 3 की हालत गंभीर
बलौदा बाजार (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। शुक्रवार रात ग्राम सकरी के पास रायपुर से बलौदा बाजार की ओर आ रही एक यात्री बस और विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार लगभग 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 3 यात्रियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से एम्बुलेंस और डायल 112 वाहनों के जरिए सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, अधिकांश यात्रियों के सिर में चोटें आई हैं, हालांकि सही समय पर चिकित्सा मिलने से बड़ी अनहोनी टल गई है।
कैबिनेट मंत्री ने लिया स्थिति का जायजा
सड़क हादसे की खबर मिलते ही राज्य के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने दूरभाष पर जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा से संपर्क किया। उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य का हालचाल जाना और अस्पताल प्रशासन को सभी मरीजों के त्वरित एवं बेहतर नि:शुल्क इलाज के सख्त निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



