बिलासपुर: तीर्थ यात्रा पर गए कारोबारी के बंद मकान में डाका, करीब ₹5 करोड़ की चोरी की आशंका
बिलासपुर (छत्तीसगढ़): बिलासपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर में एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। यहाँ मुख्य मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध कारोबारी रजनीश सेठ के सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने करोड़ों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के वक्त कारोबारी अपनी पत्नी के साथ धार्मिक तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। सूने मकान का फायदा उठाकर चोरों ने अंदर प्रवेश किया और हर एक कमरे की तलाशी लेकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर चोरी की रकम करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। चोरों ने नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती रत्न और अन्य मूल्यवान सामान पार कर दिया। हालांकि, चोरी गए कुल सामान और उसकी वास्तविक कीमत का सटीक आकलन मकान मालिक दंपत्ति के वापस लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV Footage) की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपियों ने रेकी करने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल अज्ञात चोरों की पहचान और उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर तलाश तेज़ कर दी गई है।



