पत्नी से विवाद के बाद पिता पर तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंकने का आरोप, तीनों की मौत

कुमारबाग (पश्चिम चंपारण), 24 जून। पश्चिम चंपारण जिले के कुमारबाग थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पत्नी से विवाद के बाद एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंकने का आरोप लगा है। इस दर्दनाक घटना में तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि पत्नी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रही। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना कुमारबाग थाना क्षेत्र के लोहियरिया पंचायत अंतर्गत भंगहा गांव की बताई जा रही है। मृत बच्चों की उम्र लगभग छह वर्ष, चार वर्ष और पांच माह थी।

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रामबाबू यादव और उनकी पत्नी ललिता देवी के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद रामबाबू यादव पत्नी और तीनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर मायके छोड़ने की बात कहकर घर से निकले।

आरोप है कि लोहियरिया चौक के पास तिरहुत नहर की सुगौली शाखा पर पहुंचने के बाद उन्होंने पहले पत्नी को नहर में धक्का दिया और फिर एक-एक कर तीनों बच्चों को नहर में फेंक दिया। ललिता देवी किसी तरह पानी से बाहर निकल आईं, लेकिन बच्चों को नहीं बचा सकीं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने खोजबीन शुरू की। दोपहर और शाम तक तीनों बच्चों के शव नहर से बरामद कर लिए गए। इसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

मृत बच्चों के मामा सुदामा यादव ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

सूचना मिलते ही कुमारबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता रामबाबू यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश तथा शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *