चौथे वैश्विक तटरक्षक शिखर सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी

भारतीय तटरक्षक बल का प्रतिनिधिमंडल इटली की राजधानी रोम में चल रहे चौथे तटरक्षक वैश्विक शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहा है। इस आयोजन में 115 देशों और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। यह शिखर सम्मेलन तटरक्षक सहयोग के क्षेत्र में एक अहम अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।

सम्मेलन का उद्घाटन भाषण इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने दिया, जिसमें उन्होंने वैश्विक तटरक्षक सहयोग की प्रासंगिकता पर जोर दिया। जापान और इटली की सह-अध्यक्षता में हो रहे इस सम्मेलन का मकसद बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करना, क्षमता निर्माण को बढ़ावा देना और समुद्री पर्यावरण की सुरक्षा के लिए साझा रणनीति विकसित करना है।

भारतीय तटरक्षक प्रतिनिधिमंडल ने सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी की और “आग के खिलाफ संरक्षक: अग्नि आपात स्थितियों के लिए आईसीजी की सामरिक प्रतिक्रिया” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान प्रस्तुत किया। इसमें समुद्री सुरक्षा व संरक्षा के क्षेत्र में भारत की विशेषज्ञता और योगदान को रेखांकित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *