ग्वालियर में बनेगा देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन, 170 एकड़ में आकार लेगी परियोजना

ग्वालियर/नई दिल्ली: भारत को दूरसंचार उपकरण निर्माण (Telecom Equipment Manufacturing) के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) स्थापित करने की योजना पूरी तरह तैयार हो चुकी है। परियोजना के पहले चरण में यह ज़ोन कुल 170 एकड़ ज़मीन पर विकसित किया जाएगा, जिसमें पहले से मौजूद 70 एकड़ का आईटी पार्क और 100 एकड़ अतिरिक्त भूमि शामिल है।

इस महत्वाकांक्षी योजना में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए मुंबई में एक उच्च-स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि 5G तकनीक में बड़ी सफलता हासिल करने के बाद अब भारत का लक्ष्य दूरसंचार उपकरण बनाने में दुनिया का सिरमौर बनना है। उन्होंने बताया कि भारत में मोबाइल निर्माण का आंकड़ा 33 करोड़ तक पहुंच गया है और दुनिया भर के 15 से 20 प्रतिशत एप्पल आईफोन अब भारत में ही तैयार हो रहे हैं। ग्वालियर का यह ज़ोन कंपनियों को प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर, अत्याधुनिक परीक्षण प्रयोगशालाएं (testing labs) और रिसर्च सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा

वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य में पर्याप्त भूमि की उपलब्धता का आश्वासन देते हुए कहा कि रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए सरकार कंपनियों को कर्मचारियों की संख्या के आधार पर वित्तीय प्रोत्साहन भी प्रदान करेगी। सरकार ने इस ज़ोन में निवेश करने वाली कंपनियों के लिए भूमि शुल्क में छूट, बिजली पर सब्सिडी, प्रशिक्षण सहायता और मेगा प्रोजेक्ट्स के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *