उत्तराखंड की गर्विता भाकुनी का राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम रिसेप्शन’ के लिए चयन, सीएम धामी ने दी बधाई

देहरादून : आगामी स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम रिसेप्शन’ (At Home Reception) के लिए उत्तराखंड की होनहार बेटी गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। अल्मोड़ा जिले की निवासी गर्विता राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की एक समर्पित ‘युवा आपदा मित्र’ कैडेट हैं। राष्ट्रपति भवन में होने वाले इस गरिमामयी समारोह के लिए देश भर से केवल पांच उत्कृष्ट युवा आपदा मित्र कैडेटों का चयन किया गया है, जिनमें गर्विता का नाम शामिल होना राज्य के लिए बड़े गौरव की बात है।

गर्विता भाकुनी की इस विशेष उपलब्धि पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता उत्तराखंड के युवाओं की निस्वार्थ सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने रेखांकित किया कि आपदा के समय प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवक राहत और बचाव कार्यों में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सहयोग से प्रदेश में ‘युवा आपदा मित्र योजना’ चलाई जा रही है। इसके तहत राज्य के 4,310 युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है, जिनमें से अब तक लगभग 2,700 युवाओं को खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन प्रतिक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा चुका है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *