शिवपुरी में अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के ₹2,500 करोड़ के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की उपस्थिति में शिवपुरी में अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के ₹2,500 करोड़ की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹211 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उद्योग जगत से जुड़े अनेक लोगों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह परियोजना मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास, रक्षा विनिर्माण और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश को प्रोत्साहित करने और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस परियोजना से शिवपुरी सहित आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अदाणी समूह द्वारा प्रदर्शित अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों और हथियारों के मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने देश में स्वदेशी रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने और आधुनिक तकनीक आधारित विनिर्माण क्षमता विकसित करने के प्रयासों की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह परियोजना भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य को मजबूत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवपुरी में स्थापित होने वाला यह संयंत्र रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा और मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



