विधानसभा चुनाव: मतगणना केंद्रों पर क्यूआर प्रणाली लागू
पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना से पहले भारत निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा को और सख्त बनाने के लिए अहम कदम उठाया है। आयोग ने मतगणना केंद्रों पर अनधिकृत प्रवेश को पूरी तरह रोकने के लिए क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली लागू करने की घोषणा की है।
यह नई व्यवस्था 4 मई से लागू होगी, जब पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी।
आयोग के अनुसार, यह प्रणाली चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। मतगणना केंद्रों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। पहले और दूसरे स्तर पर रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जारी पहचान पत्रों की मैन्युअल जांच होगी, जबकि तीसरे और अंतिम स्तर पर क्यूआर कोड स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
क्यूआर कोड आधारित पहचान पत्र केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही जारी किए जाएंगे। इनमें रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, मतगणना कर्मचारी, तकनीकी स्टाफ, उम्मीदवार और उनके एजेंट शामिल होंगे।
मीडियाकर्मियों के लिए अलग से मीडिया सेंटर बनाया जाएगा, जहां उन्हें आयोग द्वारा जारी अधिकृत पत्र के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस नई प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि सुरक्षा और पारदर्शिता के उच्चतम मानकों को बनाए रखा जा सके।


