राहुल गांधी की बढ़ सकती हैं मुश्किलें: अनुराग ठाकुर ने दर्ज कराई विशेषाधिकार हनन की शिकायत

नई दिल्ली : संसद में जारी राजनीतिक रस्साकशी के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती नज़र आ रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को तीन पृष्ठों का एक विस्तृत पत्र सौंपते हुए इस पूरे मामले को संसद की विशेषाधिकार समिति (Privilege Committee) के पास भेजने का आग्रह किया है।

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर का आरोप है कि संसद में ‘पेपर लीक’ रोकने संबंधी विधेयक पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ बिना किसी ठोस प्रमाण के अत्यंत गंभीर, असंसदीय और अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की यह टिप्पणी स्थापित संसदीय परंपराओं का सीधा उल्लंघन है और यह सदन की गरिमा के पूरी तरह विरुद्ध है। अनुराग ठाकुर ने मांग की है कि विशेषाधिकार समिति मामले की गहन जांच करे और राहुल गांधी को सदन तथा गृह मंत्री से बिना शर्त माफी मांगने का निर्देश दिया जाए

दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा इस तरह की शिकायतों के जरिए विपक्ष के नेता को डराने का प्रयास कर रही है, जिसमें वे कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी के भाषण में कुछ भी असंसदीय नहीं था और उन्होंने केवल जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *