हज-2027 के लिए ऑनलाइन डिजिटल रैंडम चयन संपन्न: छत्तीसगढ़ से 787 यात्रियों का चयन, 241 प्रतीक्षा सूची में
रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी ने आगामी हज-2027 की यात्रा के लिए आवेदकों का ऑनलाइन डिजिटल रैंडम चयन (क़ुर्राह) सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया है। इस चयन प्रक्रिया के तहत राज्य भर से कुल 787 हज यात्रियों का चयन किया गया है, जबकि 241 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची (Waiting List) में रखा गया है।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज बेग ने इस संबंध में औपचारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि चयनित यात्रियों की पूरी सूची हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है, जहाँ से आवेदक अपना परिणाम देख सकते हैं।
इसके साथ ही राज्य हज कमेटी ने चयनित हज यात्रियों के लिए आगे की प्रक्रिया की समय-सीमा भी जारी कर दी है। चेयरमैन ने स्पष्ट किया है कि जिन आवेदकों का नाम मुख्य चयन सूची में आया है, उन्हें यात्रा की पहली किश्त की राशि 10 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। तय समय-सीमा के भीतर अग्रिम राशि जमा न करने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची वाले आवेदकों को अवसर प्रदान किया जाएगा।



