मुख्यमंत्री ने एनएचएम कर्मचारियों को दी बड़ी सौगात, 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा

रायपुर, 13 जून 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनकी 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन दिए जाने की घोषणा की है। यह घोषणा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और उन्होंने दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी इन कर्मचारियों ने जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है, जिसके सम्मान में राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा स्वास्थ्य कर्मियों के हितों की रक्षा करना उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस निर्णय से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे पहले से अधिक समर्पण के साथ आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे।

उन्होंने एनएचएम कर्मचारियों से अपील की कि वे प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लक्ष्य को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभाते रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और स्वास्थ्यकर्मियों के सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाएं नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगी।

सम्मेलन में एनएचएम कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का कर्मचारियों ने स्वागत करते हुए इसे उनके लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *