शौर्य चक्र से सम्मानित वीर जवानों से मिले उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा
रायपुर, 13 जून 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों शौर्य चक्र से सम्मानित सुरक्षा बल के जवानों से आज छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वीर जवानों को बधाई देते हुए उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
उप मुख्यमंत्री ने इंस्पेक्टर लक्ष्मण केंवट, इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख और रायफलमैन भोजराम साहू को शौर्य चक्र से सम्मानित किए जाने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जवानों के परिजनों से भी मुलाकात कर उनके त्याग और सहयोग को नमन किया।
इस अवसर पर विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ और पूरा देश ऐसे वीर सपूतों पर गर्व करता है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि इन जवानों की वीरता और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवान देश की सुरक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करते हैं और उनका साहस समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन वीर जवानों की गौरवगाथा युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
मुलाकात के दौरान भावनात्मक माहौल देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री ने जवानों के परिजनों का सम्मान करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके योगदान और बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।


