भारत की एडवाइजरी: ईरान की यात्रा से बचें, वहां मौजूद नागरिक जल्द देश छोड़ें
नई दिल्ली, 8 जून। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हालिया सुरक्षा घटनाक्रमों के बीच भारत सरकार ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक बार फिर एडवाइजरी जारी करते हुए उन्हें सतर्क रहने तथा उपलब्ध परिवहन साधनों के माध्यम से जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। साथ ही भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक ईरान की यात्रा से बचने का भी निर्देश दिया गया है।
ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी आपात संदेश में पहले जारी किए गए दिशा-निर्देशों को दोहराते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा नहीं करनी चाहिए। दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीयों से भी आग्रह किया है कि वे स्थिति पर लगातार नजर रखें और उपलब्ध व सुरक्षित परिवहन साधनों के जरिए देश से बाहर निकलने की व्यवस्था करें।
यह एडवाइजरी ऐसे समय जारी की गई है जब क्षेत्र में सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को इज़राइल ने तेहरान की ओर से हुए मिसाइल हमले के जवाब में मध्य और पश्चिमी ईरान के कई इलाकों में हवाई हमले किए। इन घटनाओं के बाद क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई है।
भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिकों के लिए अतिरिक्त परामर्श एवं सहायता संबंधी जानकारी जारी की जाएगी। नागरिकों से स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।


