ब्रिटेन ने चार साल में पहली बार आतंकी खतरे का स्तर ‘सामान्य’ से बढ़ाकर ‘गंभीर’ किया
उत्तरी लंदन में हाल ही में हुए यहूदी-विरोधी हमले के बाद ब्रिटेन सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए राष्ट्रीय आतंकी खतरे का स्तर ‘सामान्य’ से बढ़ाकर ‘गंभीर’ कर दिया है। यह फैसला चार साल से अधिक समय बाद लिया गया है, जो देश में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर ने कहा कि यहूदी समुदाय के लोग भय के माहौल में जी रहे हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे हमलों को रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
हाल ही में हुई चाकूबाजी की घटना को मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने आतंकी हमला घोषित किया है। यह घटना ब्रिटेन में यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों की श्रृंखला की एक कड़ी मानी जा रही है।
गृह मंत्री शबाना महमूद ने कहा कि सरकार देश में बढ़ रही यहूदी-विरोधी मानसिकता को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
सरकार के इस फैसले के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।


