जबलपुर: स्कूली बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए चलेगा विशेष अभियान
जबलपुर, 25 जून। जबलपुर जिले में स्कूली बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए 15 से 31 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह निर्णय बुधवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित एनकॉर्ड (नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर) की जिला स्तरीय बैठक में लिया गया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर ने जिले में नशे के अवैध कारोबार पर कड़ी निगरानी रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में स्थित पान-गुटखा दुकानों को हटाने तथा नशीले पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर त्वरित दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावासों और पुनर्वास गृहों की नियमित जांच करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को संयुक्त रूप से स्कूलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के तहत शैक्षणिक परिसरों को “ड्रग फ्री ज़ोन” घोषित करने और विद्यार्थियों के लिए निबंध, पेंटिंग तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित करने की बात कही।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों के माध्यम से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए आरपीएफ और जीआरपी को सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा नशा मुक्ति केंद्रों के संचालन और सत्यापन की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
प्रशासन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर जिले में नशामुक्त वातावरण तैयार करना है।



