निर्जला एकादशी स्नान पर्व पर हरिद्वार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
निर्जला एकादशी स्नान पर्व के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
हरिद्वार, 25 जून 2026। निर्जला एकादशी स्नान पर्व के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। पवित्र स्नान के लिए सुबह से ही हर की पैड़ी और अन्य प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।
स्नान मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मेला क्षेत्र को चार सुपर जोन, 12 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित कर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
पुलिस के अनुसार बीडीएस टीम और डॉग स्क्वॉड रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख घाटों पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
सीओ सिटी शिशुपाल नेगी ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात जवानों को गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी, ग्लूकोज और ओआरएस साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अफवाहों पर रोक लगाने, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक डायवर्जन और श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत चार अपर पुलिस अधीक्षक, 12 पुलिस उपाधीक्षक, 19 निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, 55 उपनिरीक्षक, 209 पुलिसकर्मी, 36 महिला कांस्टेबल, तीन घुड़सवार दल, दो डॉग स्क्वॉड टीम, चार फायर टेंडर यूनिट, 14 जल पुलिस कर्मी, 14 फ्लड कंपनी कर्मी, तीन कंपनी सीएपीएफ, 200 होमगार्ड, 200 पीआरडी जवान, एसडीआरएफ की एक टीम तथा एटीएस की दो सब कंपनियां तैनात की गई हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का सहयोग करें।



