केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने रायपुर में स्वच्छता मित्रों का किया सम्मान
रायपुर, 13 जून 2026: केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रायपुर में स्वच्छता मित्रों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को मेडिकल किट वितरित की और उनसे संवाद करते हुए स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में उनकी भूमिका की प्रशंसा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वच्छता कर्मी समाज के वास्तविक नायक हैं, जो प्रतिदिन अपने समर्पण और कठिन परिश्रम से शहरों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त अभियान है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए स्वच्छ भारत मिशन ने देशभर में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। इस अभियान ने लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है और स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया है।
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बाबा साहेब के विचारों को सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने कलेक्टोरेट परिसर के समीप स्थित ऑक्सीजोन में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित स्वच्छता मित्रों ने सम्मान के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे। मंत्री ने विश्वास जताया कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों में जनसहभागिता से विकसित और जागरूक भारत के निर्माण का लक्ष्य और मजबूत होगा।


