केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर रुद्रप्रयाग में जनकल्याण शिविर आयोजित, प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सुनीं जन समस्याएं
देहरादून/रुद्रप्रयाग, 13 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के जखोली स्थित विकासखंड सभागार में जनकल्याण शिविर एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं रुद्रप्रयाग जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग करते हुए क्षेत्रीय जनता से संवाद स्थापित किया और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सेवाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के द्वार तक पहुंच रही है, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सूचना एवं सेवा स्टॉलों के माध्यम से आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रभारी मंत्री के समक्ष रखीं। गणेश जोशी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सेवा वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा ऐसे जनकल्याण शिविर आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।


