उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की जीत को नित्यानंद ने बताया ऐतिहासिक

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी सी. पी. राधाकृष्णन की जीत को विपक्ष की रणनीति पर करारी चोट बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत एनडीए की एकजुटता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का प्रमाण है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने हाल ही में संपन्न उपराष्ट्रपति चुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एनडीए प्रत्याशी सी. पी. राधाकृष्णन की जीत ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि यह जीत विपक्ष की सभी रणनीतियों को ध्वस्त करते हुए एनडीए की मजबूत स्थिति और संगठनात्मक एकजुटता को साबित करती है।

नित्यानंद राय ने राजद और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष जनता को लगातार गुमराह करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन बिहार की जनता समय आने पर सही निर्णय लेती है।

एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन को 452 वोटों से जीत मिली, जबकि विपक्षी प्रत्याशी को 300 वोट हासिल हुए। इस अंतर को राय ने एनडीए की रणनीतिक सफलता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की लोकप्रियता का परिणाम बताया।

राय ने कहा, “जब सही उम्मीदवार का चयन होता है, तो पार्टी लाइनें भी पार हो जाती हैं और सभी ओर से समर्थन प्राप्त होता है। यह जीत सिर्फ एनडीए के लिए नहीं बल्कि देश की लोकतांत्रिक प्रणाली के लिए भी सकारात्मक संदेश है।”

उन्होंने आगे कहा कि इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, उनके कामकाज और विकासोन्मुख एजेंडे को जाता है। राय के मुताबिक, “यह जीत मोदी जी के नाम और काम दोनों का परिणाम है। विपक्ष चाहे कितनी भी साजिशें रचे, एनडीए की एकजुटता हर बार उन्हें पराजित करेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *