उत्तराखंड की बेटी लेफ्टिनेंट कमांडर प्रियंका गुसाईं ने रचा इतिहास: 25,500 किमी की विश्व समुद्री यात्रा की पूरी
देहरादून : उत्तराखंड की होनहार बेटी और भारतीय नौसेना की अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर प्रियंका गुसाईं ने 25 हजार 500 किलोमीटर की दुर्गम समुद्री यात्रा सफलतापूर्व पूर्ण कर एक नया ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रियंका नौसेना की उस 9-सदस्यीय महिला अधिकारी टीम का हिस्सा थीं, जिसने पूरी तरह स्वदेश में निर्मित पवन-चालित नौका ‘आईएनएसवी त्रिवेणी’ (INSV Triveni) से पूरे विश्व का चक्कर लगाया। यह ऐतिहासिक अभियान दल 22 जुलाई को सफलतापूर्वक मुंबई बंदरगाह पहुँचा।
थल, जल और नभ की महिला अधिकारियों के इस संयुक्त दल को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 11 सितंबर 2025 को मुंबई से हरी झंडी दिखाकर विश्व भ्रमण के लिए रवाना किया था। 15 मीटर लंबी आईएनएसवी त्रिवेणी नौका पर सवार इस दल ने 314 दिनों के बेहद रोमांचक और चुनौतीपूर्ण सफर के दौरान दुनिया के सभी पांचों महासागरों को पार किया।
यह अभूतपूर्व उपलब्धि उत्तराखंड राज्य के लिए विशेष गौरव का क्षण है, जहाँ की बेटी प्रियंका गुसाईं ने इस कठिन वैश्विक अभियान में भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व किया। प्रियंका मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले की थलीसैंण तहसील के भटकोट गांव की निवासी हैं। उनके पिता हर्ष गुसाईं, जो स्वयं सेवानिवृत्त सूबेदार हैं, ने अपनी बेटी की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि प्रियंका को बचपन से ही चुनौतियां स्वीकार करना पसंद रहा है। देहरादून के DIT से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के उपरांत प्रियंका भारतीय नौसेना में शामिल हुई थीं।



