असम में बाढ़ का कहर: 7 जिले प्रभावित, केंद्र सरकार ने जारी की 379.35 करोड़ रुपये की राहत राशि

नई दिल्ली : असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जहाँ कई क्षेत्रों में पानी उतरने के बावजूद धेमाजी और शिवसागर जैसे जिलों में नदियां एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राज्य का शिवसागर जिला बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित हुआ है। इसके अलावा ऊपरी असम के चराईदेव, जोरहाट और गोलाघाट जिलों में जनजीवन अब भी सामान्य नहीं हो सका है। दिखौ और धनसिरि नदियां अपने तटवर्ती इलाकों में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

प्राकृतिक आपदा के कारण राज्य में अब तक 82 लोगों की मौत हो चुकी है। वर्तमान में प्रदेश के सात जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जबकि सड़कों, पुलों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को भारी नुकसान पहुँचा है। संकट की इस स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) के तहत पहली किश्त के रूप में 379.35 करोड़ रुपये की अग्रिम वित्तीय सहायता मंजूर की है। बाढ़ के नुकसान का आकलन करने के लिए दो अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (IMCT) भी असम का दौरा कर चुके हैं

प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। इस अभियान में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), भारतीय सेना, अर्धसैनिक बल, नौकाएं और स्थानीय प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से जुटी हुई हैं। बाढ़ पीड़ितों के लिए निशुल्क भोजन सामग्री और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *