NCP शरद पवार गुट का बड़ा फैसला: सभी प्रवक्ताओं को पद से हटाया, विद्या चव्हाण और महेश तपासे बने नए अधिकृत प्रवक्ता
नई दिल्ली: शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए अपने सभी आधिकारिक प्रवक्ताओं को एक साथ पद से हटा दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री शशिकांत शिंदे की स्वीकृति के बाद इस फैसले से जुड़ा औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश के मुताबिक, अगले निर्देश तक प्रवक्ता पद पर की गई सभी पुरानी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
इस फेरबदल के साथ ही पार्टी ने नई जिम्मेदारियों का भी ऐलान कर दिया है। जारी किए गए नए आदेश के तहत पूर्व विधायक विद्या चव्हाण और महेश तपासे को पार्टी का नया अधिकृत प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
अब केवल विद्या चव्हाण और महेश तपासे ही मीडिया के सामने एनसीपी (शरद पवार गुट) का आधिकारिक पक्ष रखेंगे और पार्टी की नीतियों व निर्णयों पर अधिकृत बयान जारी करेंगे। माना जा रहा है कि पार्टी ने मीडिया में अपने पक्ष को अधिक स्पष्ट और प्रभावी ढंग से रखने के उद्देश्य से यह संगठनात्मक बदलाव किया है।



