GST 2.0: नई दरें आज से लागू, रसोई सामान, दवा और वाहन हुए सस्ते
देश में आज से गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) की संशोधित दरें प्रभावी हो गई हैं। इसके साथ ही सुबह 6 बजे से “GST बचत उत्सव” की शुरुआत की गई है। नई व्यवस्था के तहत अब केवल दो स्लैब – 5% और 18% – लागू रहेंगे।
खाद्य वस्तुएं, दवाएं, टीवी, एसी, दोपहिया वाहन, कारें, परिधान और जूते सहित कई रोज़मर्रा की वस्तुएं अब पहले की तुलना में सस्ती मिलेंगी। किसानों और छोटे उद्यमियों के लिए भी यह बदलाव राहतकारी साबित होगा। उर्वरक और कृषि उपकरणों पर कर में कमी से खेती की लागत घटेगी, वहीं निर्माण लागत कम होने से छोटे उद्योगों को भी फायदा होगा।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि दरों में इस कटौती से नवरात्र से लेकर दिसंबर तक विभिन्न उत्पादों की बिक्री में करीब 20% तक वृद्धि हो सकती है, जिससे खुदरा कारोबारियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इसके अलावा, जीवन बीमा उत्पादों, शिक्षा से संबंधित कुछ सेवाओं और 33 से अधिक जीवनरक्षक दवाओं को GST से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है।
सरकार ने सुनिश्चित किया है कि कर में मिली यह राहत आम उपभोक्ता तक पहुंचे। केंद्र और राज्य सरकारें इस पर कड़ी निगरानी रख रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल राष्ट्र के नाम संबोधन में आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण का खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने स्वदेशी अभियान को बल देते हुए नागरिकों से भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की, साथ ही राज्यों से निवेश बढ़ाने का आग्रह भी किया।


