उत्तराखंड के त्यूणी में दर्दनाक सड़क हादसा, 250 फीट गहरी खाई में गिरा वाहन, चालक की मौत
उत्तराखंड के त्यूणी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना त्यूणी के हटाल और फिडिज पुल के बीच हुई, जहां एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 250 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चालक को संभलने का कोई मौका नहीं मिल सका।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खाई की गहराई और दुर्गम क्षेत्र के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन तक पहुंच बनाई।
एसडीआरएफ के आरक्षी बलवंत कुमार ने बताया कि वाहन में केवल चालक ही सवार था। टीम के मौके पर पहुंचने तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला गया और आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, खासकर संकरे और खतरनाक रास्तों पर गति नियंत्रित रखें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।


